भीमताल (नैनीताल)। धारी ब्लॉक के पदमपुरी से दुदुली मोटर मार्ग पर पानी की निकासी के लिए बनाई गई नालियों की सफाई नहीं होने और सड़क किनारे झाड़ियों से वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेसी नेता मनोज शर्मा ने कहा कि बबियाड़ के गैरखाड़ से कैलाश द्वार तक झाड़ियों का कटान नहीं होने से बरसात के समय आवाजाही करने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नालियां बंद होने के कारण जलभराव से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और प्रशासन से नालियों की सफाई और झाड़ियों का कटान कराने की मांग की है।