गरमपानी/भवाली (नैनीताल)। कमिश्नर अरविंद सिंह ह्यांकी ने भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित खीनापानी में जसुली सौक्याणी की धर्मशाला और भवाली में 77 साल पुरानी धर्मशाला के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मंगलवार को दोनों धर्मशालाओं का निरीक्षण किया।
कमिश्नर ने सौक्याणी धर्मशाला के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के लिए कुमाऊं विकास निगम के अधिकारियों से जानकारी ली। कहा कि धर्मशाला के पास से लगी जमीन को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाए। कुमाऊं विकास निगम के एई महेश उप्रेती ने बताया कि धर्मशाला के जीर्णोद्धार सौंदर्यीकरण के लिए 24 लाख रुपये की निविदा हो चुकी है। छह महीने के अंदर काम पूरा किया जाएगा। पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होने से पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों को रोजगार मिल सकेगा।
उधर, भवाली में 77 साल पुराने धर्मशाला का निरीक्षण कर पालिकाध्यक्ष संजय वर्मा से इसके निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाकर जल्द भेजने को कहा। भीमताल रोड़ स्थित लकड़ी टाल में बनने जा रहे मल्टी स्टोरी पार्किंग स्थल का निरीक्षण कर लकड़ी टाल के पास नाले को पाटने को निर्देश दिए। पालिकाध्यक्ष ने ग्रामीण महिलाओं को सामान बेचने के लिए एक हाट बाजार के लिये भूमि मुहैया कराने की बात कही, जिस पर कमिश्नर ने भीमताल रोड स्थित पंप हाउस के पास की जमीन में महिलाओं को बाजार लगाने की बात कही। इस दौरान केएमवीएन के एमडी रोहित मीणा, जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़, पीसीओ सुनीता साह, एई महेश उप्रेती, एसडीएम कौश्याकुटौली विनोद कुमार, तहसीलदार बरखा जलाल, जेई लीलाधर त्रिपाठी, राजस्व निरीक्षक भुवन चंद्र भंडारी, उपनिरीक्षक गौरव रावत, एसएसआई प्रकाश सिंह मेहरा आदि मौजूद रहे।