लालकुआं। बिंदुखत्ता में मोटी सैलरी वाले परिवार गरीबों के हक का सरकारी चावल और गेहूं खा रहे हैं। सोमवार को 25 एकड़ कॉलोनी में सत्यापन अभियान में आठ ऐसे परिवार मिले हैं जो घर में तमाम सुख-सुविधाओं के बावजूद सफेद राशनकार्ड से खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ ले रहे थे। पहले दिन टीम ने 130 राशन कार्डों का भौतिक सत्यापन किया।
एसडीएम न्यायिक एवं नोडल अधिकारी रेखा कोहली के निर्देश पर खाद्य पूर्ति निरीक्षक मोहित कठायत ने टीम के साथ बुधवार को 25 एकड़ क्षेत्र में घर-घर जाकर राशन कार्डों का सत्यापन किया। सत्यापन के दौरान लाभार्थियों की आय, रोजगार, संपत्ति और आर्थिक स्थिति की जांच की गई। टीम ने 130 परिवारों का भौतिक सत्यापन किया जिसमें 8 सफेद राशन कार्डधारक अपात्र पाए गए। जांच में पता चला कि संबंधित परिवारों के सदस्य सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल में कार्यरत होने के साथ सुविधा संपन्न हैं। बिंदुखत्ता क्षेत्र में वर्तमान में 9,645 सफेद, 211 अंत्योदय और 5,439 पीले राशन कार्डधारक हैं। सभी कार्डों का चरणबद्ध सत्यापन होना है। खाद्य पूर्ति निरीक्षक मोहित कठायत के अनुसार अपात्र लोगों की ओर से सरकारी राशन लेने से वास्तविक जरूरतमंद परिवारों के अधिकार प्रभावित होते हैं। अपात्रों के नाम हटाकर जरूरतमंदों के सफेद कार्ड बनाए जाएंगे।
क्षेत्र में सत्यापन अभियान एक माह तक चलेगा जिसके लिए चार टीमें बनाई गईं है जो घर-घर जाकर जांच करेगी। जांच में अपात्र राशन कार्डधारकों के कार्ड निरस्त करने के साथ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान के बाद जांच रिपोर्ट जिला पूर्ति अधिकारी को भेजी जाएगी।
रेखा कोहली, एसडीएम, लालकुआं
जानिए कौन हैं पात्र?
शासन के मानकों के अनुसार 15 हजार रुपये मासिक अथवा 1.80 लाख रुपये वार्षिक तक की कुल पारिवारिक आय वाले परिवार सफेद राशन कार्ड के पात्र हैं। पांच लाख रुपये तक की वार्षिक पारिवारिक आय वाले परिवार पीले राशन कार्ड के पात्र माने जाते हैं। निर्धारित सीमा से अधिक आय पाए जाने पर संबंधित राशन कार्डधारकों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जा सकती है। आय का निर्धारण परिवार के सभी सदस्यों की कुल आय के आधार पर किया जाता है।