हल्द्वानी। नैनीताल जिले में डेंगू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बृहस्पतिवार को एसटीएच में भर्ती दो और रोगियों में डेंगू की पुष्टि हुई है। हालांकि डेंगू के रोगी स्वस्थ भी हो रहे हैं। चिकित्सकों ने लोगों से डेंगू से बचाव के लिए सावधान रहने की अपील की है।
बृहस्पतिवार को सुशीला तिवारी अस्पताल में डेंगू के दो नए मरीज भर्ती हुए हैं। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जीएस तितियाल ने बताया कि बुखार से पीड़ित दोनों मरीजों की प्लेटलेट्स भी तेजी से कम हो रही थीं। दोनों ही मरीजों को डेंगू संदिग्ध मानते हुए उनकी एलाइजा जांच कराई गई जो पॉजिटिव आई। सीएमओ डॉ. एचसी पंत ने कहा कि बेस चिकित्सालय में डेंगू का कोई रोगी भर्ती नहीं है। अब तक डेंगू के नौ रोगी मिल चुके हैं। इसमें छह रोगी बाहरी राज्यों से आए हैं और तीन रोगी नैनीताल जिले के हैं। उन्होंने घर के आसपास पानी जमा नहीं होने देने की अपील की है।
कॉलोनियों में कराया कीटनाशक का छिड़काव
लालकुआं (नैनीताल)। एसडीएम तुषार सैनी के निर्देश पर बृहस्पतिवार को मलेरिया विभाग और सेंचुरी पेपर मिल प्रबंधन ने संजय नगर बजरी कंपनी और राजीव नगर बंगाली कॉलोनी क्षेत्र में कीटनाशक का छिड़काव किया। साथ ही लोगों से घर के आसपास सफाई रखने की अपील की। वहां जिला मलेरिया अधिकारी जयप्रकाश कश्यप, सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल के प्रशासनिक अधिकारी भरत पांडे, रजिस्ट्रार कानूनगो मोहित बोरा, ईओ राहुल कुमार सिंह, मलेरिया निरीक्षक एस. सुलेमान, गिरीश त्रिपाठी, राम अवतार आदि थे। संवाद