लालकुआं। पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों और कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज मुकदमों के विरोध में कांग्रेसियों को हाईवे पर प्रदर्शन करना भारी पड़ गया। पुलिस ने देर रात नगर पंचायत अध्यक्ष लाल चंद सिंह, पूर्व मंत्री हरीश दुर्गापाल समेत 21 कार्यकर्ताओं पर नामजद और कई अन्य के खिलाफ राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
युवा कांग्रेस के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने रविवार को बिंदुखता से लालकुआं तक जुलूस निकाला। बाद में तहसील के सामने केंद्र सरकार का पुतला फूंका। पूर्व मंत्री हरीश दुर्गापाल, हरेंद्र बोरा, राजेंद्र खनवाल, संध्या डालाकोटी, प्रमोद कॉलोनी, सरदार गुरदीप सिंह, बीना जोशी, कमल दानू ने केंद्र सरकार के खिलाफ शर्म करो शर्म करो के नारे लगाए। इस दौरान युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुमितर भुल्लर, नगर पंचायत अध्यक्ष लालचंद सिंह, पूर्व चेयरमैन रामबाबू मिश्रा, किसान नेता एनके कपिल, जीवन कबडवाल, मीना रावत, इमरान खान, किरन डालाकोटी आदि थे।
उधर, कोतवाली प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने बिना अनुमति के जुलूस निकाला। साथ ही तहसील के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग को बाधित कर सरकार का पुतला दहन किया। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। पुलिस ने जुलूस और प्रदर्शन में शामिल कांग्रेसियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 269, 270, 147, आपदा प्रबंधन अधिनियम 51बी और 7 क्रिमिनल अमेंडमेंट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इनमें पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल, वरिष्ठ कांग्रेसी हरेंद्र बोरा, चेयरमैन लालचंद सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख संध्या डालाकोटी, महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव बीना जोशी, नगर कांग्रेस के अध्यक्ष सरदार गुरदीप सिंह, बिंदुखता ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष प्रमोद कालोनी, कांग्रेस के प्रदेश सचिव और पूर्व चेयरमैन राम बाबू मिश्रा, युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुमितर भुल्लर आदि शामिल हैं।