मेहरागांव में पानी के लिए नारेबाजी कर जेई से बात करती महिलाएं। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BHIMTAL
भीमताल (नैनीताल)। मेहरागांव क्षेत्र में हफ्ते भर से पानी नहीं आने से नाराज महिलाओं ने सोमवार को मेहरागांव चौराहे पर जलसंस्थान और विधायक संजीव आर्य के खिलाफ नारेबाजी की। महिलाओं ने मौके पर पहुंचे जलसंस्थान के जेई को खरीखोटी सुनाई। जेई ने अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया।
पूर्व प्रधान कुलदीप मेहरा, समाजसेविका सरस्वती रौतेला, प्रेम नेगी, अजय मेहरा, कुंवर सिंह ने बताया कि मेहरागांव क्षेत्र में सात दिन से पंप की मोटर खराब होने से ग्रामीण परेशान हैं। कहा कि जब जलसंस्थान के ईई को फोन कर समस्या से अवगत कराया तो उन्होंने मामला संज्ञान में न होने की बात कही। नाराज ग्रामीणों ने ईई का तबादला करने की मांग की है। कहा कि विधायक संजीव आर्य ने भी क्षेत्र में पानी की समस्या को गंभीरता से नहीं लिया है। लोगों ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता सबक सिखाएगी। चेयरमैन देवेंद्र चनौतिया ने कहा कि क्षेत्र में रसूखदार लोगों को बोरिंग की अनुमति दी जा रही है, लेकिन ग्रामीणों को पीने का पानी नहीं दिया जा रहा है। चनौतिया ने अवैध बोरिंग की जांच की मांग उठाई। महिलाओं ने कहा कि अगर मंगलवार को पानी नहीं आया तो वह जीएम कार्यालय में तालाबंदी करेंगे। जेई ने बताया कि बुधवार तक पानी की समस्या का निस्तारण कर दिया जाएगा। डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने कहा कि पानी की समस्या के निस्तारण के लिए सीडीओ को मौके पर भेजा जाएगा। यहां प्रधान गणेश जोशी, ललित मेहरा, राजू नेगी, प्रीति मेहरा, गंगा नेगी, मीना मेहरा, किरन मेहरा, नंदन रौतेला, जयंती ढैला, हितेश भगत, भगवती मेहरा आदि रहे।