नैनीताल। हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र के मानस विहार कॉलोनी पनियाली में अनुसूचित जाति के परिवारों के साथ हुई घटना पर सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश चंद्र बौद्ध और ओखलकांडा के कनिष्ठ उप प्रमुख राजेंद्र प्रसाद ने रोष जताया है। मामले में डीएम ललित मोहन रयाल को ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग की। ज्ञापन के माध्यम से बताया कि बुधवार को बुलडोजर से सार्वजनिक सड़क को तोड़ने का प्रयास किया गया है जबकि पीड़ित परिवारों की रजिस्ट्री में स्पष्ट रूप से 15 फीट चौड़ी सार्वजनिक सड़क दर्ज है। सड़क तोड़ने का विरोध करने पर धक्कामुक्की, गालीगलौज, जान से मारने की धमकियां दी गईं और महिलाओं के साथ अभद्रता की गई। कहा जब पीड़ित परिवार मुखानी थाना पहुंचा तो उनकी एफआईआर दर्ज करने से मना कर दिया गया। उन्होंने डीएम से मामले में हस्तक्षेप कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।