हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र के भगवानपुर में किराना के सामान की डोर-टू-डोर डिलिवरी करने वाले ई-कॉमर्स प्लेटफार्म के कर्मचारी को 12 जुलाई को कंपनी के ही एक अधिकारी, कर्मचारी और कुछ युवकों ने जमकर पीटा। इसके बाद सड़क पर ही उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। रविवार को पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी। मुखानी थाना क्षेत्र निवासी युवक ने बताया कि वह ई-कॉमर्स प्लेटफार्म के सामान की डिलीवरी करता है। कंपनी के अधिकारी उसे परेशान करते हैं। 12 जुलाई की देर रात वह भगवानपुर स्टोर से घर जा रहा था। रास्ते में कंपनी के अधिकारी और अन्य युवकों ने घेर लिया। पीटने लगे। जब पुलिस को फोन करना चाहा तो मोबाइल तोड़ दिया। युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म का भी प्रयास किया। किसी तरह उसने अपनी जान बचाई और वाहन में लिफ्ट मांगकर घर पहुंचा। थानाध्यक्ष दिनेश जोशी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। इसकी जांच कर मारपीट करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।