रामनगर (नैनीताल)। ढिकुली से रामनगर की ओर आ रहे स्कूटी सवार युवक-युवती को कैंटर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में युवती की मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे चोरपानी निवासी एतिका (21) पुत्री मनोज कुमार और उसका दोस्त सुमित जोशी (23) पुत्र कैलाश जोशी निवासी वैशाली कॉलोनी काशीपुर स्कूटी से रामनगर आ रहे थे। रिंगौड़ा मजार के पास एक कैंटर ने उनकी स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से युवक-युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। एतिका दिल्ली विवि में बीए की छात्रा थी। सुमित की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। दूसरी ओर युवक के परिजन भी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
बेटी की मौत से मां बेसुध
घटना की जानकारी मिलते ही एतिका के परिजन अस्पताल पहुंच गए। हादसे में बेटी की मौत की सूचना से उनका रो-रोकर बुरा हाल था। मां वैशाली बेटी के शव को देखते ही बेहोश हो गईं। यह देख आसपास के लोगों ने पानी देकर महिला को संभाला। युवती के पिता मनोज कुमार एलआईसी में अधिकारी हैं।
कैंटर चालक को हिरासत में लिया
एसआई हरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि सड़क हादसेके बाद फरार कैंटर चालक को पुलिस ने हिरासत में लेकर वाहन को कब्जे में ले लिया है। हालांकि मृतका के परिजनों की ओर से अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस कार्रवाई करेगी।
।