हल्द्वानी। दिल्ली पुलिस ने बनभूलपुरा थाने के सहयोग से रेलवे स्टेशन के पास होटल में रविवार की सुबह छापा मारकर प्रेमी युगल को पकड़ लिया। युवक के खिलाफ दिल्ली के नारायणा थाने में नाबालिग किशोरी के अपहरण का मुकदमा दर्ज था। पुलिस दोनों को लेकर दिल्ली चली गई।
दिल्ली पुलिस के एएसआई सुरेंद्र सिंह ने बनभूलपुरा थानाध्यक्ष सुशील कुमार को बताया कि नारायणा थाने में एक नाबालिग के अपहरण का मुकदमा दर्ज है। आरोप है कि इस मामले में किशोरी ने 20 फरवरी को अपनी मां को बताया कि वह सहेलियों के साथ जम्मू कश्मीर जा रही है, लेकिन कोई युवक उसे बहला फुसलाकर अन्यत्र लेकर गया है।
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया तो युवक और किशोरी का लोकेशन बनभूलपुरा क्षेत्र में मिली। एएसआई ने बनभूलपुरा पुलिस के सहयोग से रेलवे स्टेशन के समीप होटल में छापा मार दिया। पुलिस ने होटल से प्रेमी युगल को पकड़ लिया। पकड़ा गया युवक महेंद्र सिंह पुत्र प्रताप सिंह अल्मोड़ा जिले के कोटूम्ड़ा द्वाराहाट का रहने वाला है।
महेंद्र दिल्ली में नौकरी करने के लिए गया था। इस बीच किशोरी से उसकी नजदीकियां बढ़ गई। जांच से पता चला कि दोनों एक दिन पहले होटल में आकर ठहरे थे। पुलिस के समक्ष दोनों का कहना था कि वे एक दूसरे से प्यार करते हैं। बनभूलपुरा पुलिस ने दोनों को दिल्ली पुलिस को सुपुर्द कर दिया। दिल्ली पुलिस दोनों को लेकर चली गई।