हल्द्वानी। गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के तरणताल में दो दिनी राज्य स्तरीय जूनियर एवं सब-जूनियर तैराकी चैंपियनशिप का शुक्रवार को समापन हो गया। उत्तराखंड स्विमिंग एसोसिएशन के आयोजन में हुई प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए बालक और बालिका वर्ग के तैराकों ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई।
बालक वर्ग ग्रुप-ए में देहरादून के शौर्य चौधरी व्यक्तिगत चैंपियन बने। ग्रुप-बी में ऊधम सिंह नगर के आदित्य नेगी व देहरादून के दिव्यांश नेगी और ग्रुप-थ्री में ऊधमसिंह नगर के यश वर्धन सिंह चौहान ने अपने-अपने वर्ग में पहला स्थान हासिल कर चैंपियनशिप ट्रॉफी जीती। बालिका वर्ग ग्रुप-ए की चैंपियन नव्या सिंह (नैनीताल) रहीं। ग्रुप-बी में मानस्वी पंवार व इरा रावत का दबदबा रहा। ग्रुप-थ्री में यशस्वी चौधरी (सभी देहरादून) ने अपने वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए व्यक्तिगत चैंपियनशिप जीती। समापन समारोह में डीपीएस स्कूल हल्द्वानी के चेयरमैन विवेक अग्रवाल, भारतीयम स्कूल रुद्रपुर के चेयरमैन भरत गोयल, जयगुरु ज्वेलर्स के पार्थ खंडेलवाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।