क्रिकेट कमेटी के सहयोग से स्व. एलएम भट्ट की स्मृति में 13वीं राज्य स्तरीय अधिवक्ता क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार को सेमीफाइनल मैच खेले गए। इसमें बार एसोसिएशन देहरादून बी और बार एसोसिएशन हल्द्वानी ए की टीमों ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।
देहरादून के अनिल को हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता एसएन बाबुलकर जबकि हल्द्वानी के योगेश चौहान को प्रमुख विधि सलाहकार उत्तराखंड शासन अवतार सिंह रावत ने मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया। पहले सेमीफाइनल में हाईकोर्ट नैनीताल की ए टीम ने बल्लेबाजी कर 18 ओवर में पांच विकेट पर 135 रन बनाए। मनोज मोहन ने सर्वाधिक 73 रन बनाए। जवाब में देहरादून बी के खिलाड़ियों ने 17.3 ओवर में 7 विकेट गवाकर मैच जीत लिया।
दूसरे सेमीफाइनल में हल्द्वानी की ए टीम ने 18 ओवर में 7 विकेट पर 159 रन बनाए। योगेश चौहान ने नाबाद 92 रन बनाए। जवाब में विकासनगर की टीम 16 ओवर में 140 रन पर ऑलआउट हो गई। हल्द्वानी से योगेश चौहान, बंटू रहमान तथा बिनीत ने 2-2 विकेट लिए। क्रिकेट कमेटी के अध्यक्ष कुर्बान अली व उपाध्यक्ष योगेश पांडे ने बताया कि 29 दिसंबर को सुबह 10 बजे से फाइनल मैच खेला जाएगा। मुख्य अतिथि हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति राजीव शर्मा होंगे।