नैनीताल। तल्लीताल जिला कारागार के पास स्थित पोस्टमार्टम हाउस उपेक्षा की मार झेल रहा है। बिल जमा नहीं होने के चलते पोस्टमार्टम हाउस की बिजली का कनेक्शन काट दिया गया है। इससे आपातकालीन स्थिति में रात को होने वाले पोस्टमार्टम में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कमरा बंद हो तो दिन में भी उजाले की दिक्कत होती है। बिजली कटने से वहां लगे डीप फ्रीजर भी बंद पड़े हैं।
नैनीताल के तल्लीताल क्षेत्र में जिला कारागार के समीप पोस्टमार्टम हाउस है। यहां प्रतिमाह 10 से 15 पोस्टमार्टम किए जाते हैं। आपातकालीन स्थिति में अधिकारियों की अनुमति के बाद रात को भी पोस्टमार्टम होते हैं। बिजली बिल का भुगतान नहीं होने के चलते ऊर्जा निगम ने बिजली का कनेक्शन काट दिया गया है। इस कारण पोस्टमार्टम हाउस में न डीप फ्रीजर चलती हालत में हैं, न ही वहां रात को बिजली की व्यवस्था है। दो दिन पूर्व रात को पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। एसडीएम के कहने पर ऊर्जा निगम की ओर से बिजली का कनेक्शन तब कुछ समय के लिए जोड़ा गया था। पोस्टमार्टम हाउस की हालत भी बदहाल है जिसकी काफी समय से मरम्मत नहीं की गई है।
शीघ्र ही पोस्टमार्टम हाउस का बिल जमा करा दिया जाएगा। जिला योजना से पोस्टमार्टम हाउस की मरम्मत के लिए बजट मांगा है। पोस्टमार्टम हाउस की जल्द मरम्मत कर दी जाएगी।
-डॉ. हरीश चंद्र पंत, सीएमओ नैनीताल