हल्द्वानी। दुष्कर्म की शिकार किशोरी के नवजात शिशु की एसटीएच में उपचार के दौरान मौत हो गई। डॉक्टरों ने डीएनए सैंपल लेने के बाद शव का पोस्टमार्टम किया। इस मामले में आरोपी को काशीपुर की पुलिस ने पिछले साल ही जेल भेज दिया था।
ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर क्षेत्र की किशोरी को 10 दिसंबर 21 को सलीम बुलाकर अपने घर ले गया। सलीम ने किशोरी को चाकू से आतंकित कर दुष्कर्म किया। इस मामले में काशीपुर पुलिस ने धारा 376,342 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को 11 दिसंबर 21 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इधर, पीड़ित किशोरी गर्भवती हो गई। उसने एक बच्चे को जन्म दिया। नवजात शिशु का एसटीएच में इलाज चल रहा था। एक अप्रैल को नवजात ने दम तोड़ दिया। किशोरी के परिजनों ने नवजात से पल्ला झाड़ लिया। काशीपुर की पुलिस ने नवजात का पोस्टमार्टम कराने के बाद सम्मानपूर्वक उसे दफन करने का काम किया। इस बारे में थाना प्रभारी मनोज रतूड़ी ने बताया कि पोस्टमार्टम से पहले नवजात का डीएनए सैंपल लिया गया है।