हल्द्वानी। पीओपी कारीगर का संदिग्ध हालात में शव फंदे पर लटका मिला। मुखानी पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पोस्टमार्टम हाउस पर श्रमिक की दूसरी पत्नी ने श्रमिक के मूलगांव यूपी के बहराइच जाने की जिद को लेकर हंगामा खड़ा कर दिया। फिलहाल पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है।
यूपी के बहराइच स्थित मोतीपुर के महबूब नगर निवासी पप्पू कुशवाह (30) वर्तमान में मुखानी के छड़ायल चौराहे पर रह रहे थे। कई वर्ष पहले यूपी से हल्द्वानी काम की तलाश में पहुंचे थे और यहां पीओपी लगाने का काम शुरू किया था। शुक्रवार की रात करीब 12 बजे अचानक उनकी पत्नी ने अचानक शोर मचाना शुरू कर दिया। आरटीओ चौकी प्रभारी प्रीति फोर्स के साथ पहुंची और देखा तो कमरे के अंदर पप्पू कुशवाह का शव फंदे पर झूल रहा था। लोहे का दरवाजा होने की वजह से तोड़ा नहीं जा सकता था। पुलिस ने कटर से काटकर दरवाजा खोला और शव को फंदे से उतारकर सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा जहां उसे मृत घोषित करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंची महिला से जब पुलिस ने पूछताछ की तो उसने बताया कि बीते कुछ दिनों से काम न मिलने की वजह से आर्थिक परेशानी से पप्पू जूझ रहा था। इसके चलते फांसी लगाने की बात सामने आई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।