हल्द्वानी। होली का त्योहार आते ही शराब तस्करी भी बढ़ गई है। पुलिस ने शनिवार को शहर में टीपीनगर चौराहे पर एक पिकअप से 65 पेटी अंग्रेजी शराब की अवैध खेप बरामद की। शुक्रवार को भी काठगोदाम पुलिस ने अवैध रूप से आ रही अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप पकड़ी थी।
शुक्रवार रात टीपीनगर चौराहे पर पुलिस टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान जब पुलिस ने एक पिकअप को रोका तो पुलिस को देखते ही चालक ने गाड़ी दौड़ा दी। किसी तरह टीम ने उसे रोका और उसकी तलाशी ली तो उसमें से 65 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुईं। यह शराब अवैध रूप से ले जाई जा रही थी। पुलिस ने सद्भावना कॉलोनी निवासी पिकअप चालक कृष्णा नंद भट्ट को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया है।