नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के आह्वान पर शनिवार को प्रदेश भर के बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बैठक हुई। इसमें अधिवक्ताओं के हितों व समस्याओं के हल के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का फैसला लिया गया।
बैठक में उत्तराखंड अधिवक्ता महासंघ का गठन किया गया। इसमें सर्वसम्मति से हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डीसीएस रावत को महासंघ का अध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा, कुमाऊं के हल्द्वानी बार के सचिव विनीत परिहार और गढ़वाल से रुड़की बार के सचिव चौधरी अनिल कुमार को महासंघ का महासचिव बनाया गया है। शनिवार को राज्य अतिथि गृह के सभागार में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डीसीएस रावत की अध्यक्षता और हल्द्वानी बार के सचिव विनीत परिहार के संचालन में प्रदेश भर के बार संघों की बैठक हुई। बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। घंटों चली इस बैठक में अधिवक्ताओं ने हापुड़ में अधिवक्ताओं के साथ पुलिस की मारपीट और अन्य घटनाओं के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने के लिए प्रदेश स्तरीय महासंघ बनाने का निर्णय लिया ।
28 सदस्यीय कार्यकारिणी में ये हैं शामिल
हाईकोर्ट के सौरभ अधिकारी, विकास कुमार गुगलानी, श्रीनगर के प्रमेन्द्र जोशी, ऋषिकेश के नरेश कुमार शर्मा, अल्मोड़ा के शेखर लखचौरा, कोटद्वार के अजय पंत,पछुवादून के संजय कुमार गुप्ता, बाजपुर के नीरज जौहरी, सितारगंज के दयानन्द सिंह, टिहरी गढ़वाल के जयप्रकाश पांडे,भगवानपुर के हरपाल सिंह आर्य, थराली के वीरेंद्र रावत, देहरादून के भानु प्रताप सिंह सिसौदिया, डोईवाला के मनोहर सिंह सैनी, रुद्रपुर के एमपी तिवारी, नैनीताल के मनीष मोहन जोशी, रुद्रपुर के सुशीला मेहता, पिथौरागढ़ के मोहन भट्ट, खटीमा के सूरज प्रकाश राणा,उत्तरकाशी के सुमन नौटियाल, बागेश्वर के विनोद भट्ट,लक्सर के राजेश कुमार सैनी,रूद्रपुर की सुशीला मेहता,पिथौरागड़ के मोहन भट्ट,खटीमा के सूरज प्रकाश राणा,उत्तरकाशी के सुमन नौटियाल को शामिल किया गया । जबकि ऋषिकेश के सुनील नवानी को सोशल मीडिया कॉर्डिनेटर बनाया गया ।
उत्तराखंड की बार एसोसिएशन को एकजुट कर अधिवक्ताओं की सुरक्षा और सहूलियत को प्राथमिकता देने के साथ उनकी समस्याओं को पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा ताकि कोई अधिवक्ता अपने को निर्बल और दबा कुचला न समझे।
-दिनेश चंद्र सिंह रावत, अध्यक्ष हाईकोर्ट बार एसोसिएशन