हल्द्वानी। गरीबी और बेबसी क्या-क्या नहीं कराती। जब अपनों की जान बचाने की जिद हो तो इंसान असंभव से असंभव काम भी करने को आतुर रहता है। सोमवार को सुशीला तिवारी अस्पताल परिसर में तीन नाबालिग बच्चों और एक मां की बेबसी सामने आई। सड़क हादसे में घायल पिता की जान बचाने की उम्मीद पाले मां सहित तीनों बेटे सुशीला तिवारी अस्पताल के बरामदे में दो साल से रात गुजार रहे हैं। मेहनत मजदूरी कर पिता की दवा और खाने का इंतजाम करते थे लेकिन कोविड कर्फ्यू में काम छूटा तो एक समय के खाने के लाले पड़ गए। अब कई रातें भूखे सोना पड़ रहा है।
कोतवाल मनोज रतूड़ी इन दिनों सुशीला तिवारी अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों को खाना बांट रहे हैं। तीन दिन से 10 साल का एक बच्चा उनके पास खाने की चार पैकेज मांग रहा था। सोमवार को जिज्ञासा वश उन्होंने पूछ ही लिया कि बेटा आप चार पैकेट क्यों मांगते हैं। इसके बाद बच्चे ने जो बातें बताईं उससे कोतवाल भी भावुक हो गए। बच्चे ने अपना नाम सूरज बताया। कहा कि नेपाल मूल के निवासी 36 साल के उसके पिता रमेश सिंह थापा मंडी में मजदूरी करते थे। दो साल पहले सड़क हादसे में वह घायल हो गए। उनका बायां पैर टूट गया। पुलिस ने इलाज के लिए एसटीएच भेज दिया। इससे रमेश की पत्नी और तीन बेटों हिम्मत सिंह (15), दीपक (12) और सूरज (10) के सामने गुजारा करने का संकट आ गया। चारों ने हार नहीं मानी। मां घरों में झाड़ू पोंछा का काम करने लगी और बच्चे मेहनत-मजदूरी कर पिता के लिए दवा का पैसा जुटाने लगे। जो पैसा बचता उससे सुबह शाम के भोजन का इंतजाम करते। कहीं ठौर नहीं था इसलिए अस्पताल के बरामदे में रात गुजारने लगे। पहले लॉकडाउन फिर कोविड कर्फ्यू के कारण मजदूरी मिलनी बंद हो गई। मां का काम भी छूट गया। इससे दवा और भोजन के इंतजाम की समस्या पैदा होने लगी। मांगकर खाने का इंतजाम करना पड़ रहा है। कभी-कभी तो भूखे ही रात गुजर जाती है। सभी बातें सुनकर कोतवाल ने अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर जे वार्ड में भर्ती घायल रमेश से बात की। रमेश ने बताया कि उसके पास दवा और खाने तक के लिए पैसे नहीं हैं। कोतवाल ने चारों के लिए खाना उपलब्ध कराया। उन्होंने स्वयंसेवी संस्थाओं से भी मजदूर की मदद करने का अनुरोध किया है। कोतवाल ने कहा कि जल्द ही इस मजदूर परिवार की सहायता की जाएगी। किसी को भूखा नहीं सोने दिया जाएगा।