उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अब छात्रसंघ चुनाव को लेकर बड़ी घोषणा की है। उनका कहना है कि नया शिक्षा सत्र शुरू होते ही छात्रसंघ चुनाव की तारीखें घोषित हो जाएंगी। इसके बाद सात दिन में चुनाव कराए जाएंगे। छात्र संघ चुनाव में लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों को कड़ाई से लागू कराया जाएगा।
जुलूसों और पोस्टर बाजी पर प्रतिबंध लगेगा। हर महाविद्यालय में छात्र संघ कक्ष का निर्माण किया जाएगा एवं छात्र संघ पदाधिकारियों को कालेज के निर्माण कार्य समिति में सदस्य बनाया जाएगा। एमबीपीजी कॉलेज में रविवार को कुमाऊं मंडल के छात्रसंघ पदाधिकारियों की बैठक में मंत्री ने कहा कि महाविद्यालयों में 180 दिनों की पढ़ाई आवश्यक होगी और परीक्षा परिणाम 40 दिनों में घोषित किए जाएंगे।
हर कॉलेज में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। कॉलेज शुरू होने से पहले राष्ट्रीय गान और बंद होने पर राष्ट्रीय गीत गाया जाएगा। कॉलेजों को नशामुक्त भी बनाया जाएगा। कैंपस के दो सौ मीटर परिधि में शराब, पान-बीड़ी एवं गुटखा की दुकानें कतई नहीं होंगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही आनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी। छात्रों की डिग्री में फोटो लगाई जाएगी।
साथ ही डिग्री को आधार कार्ड से लिंक किया जाएगा। अक्तूबर तक हर महाविद्यालय में पुस्तकालय और पंाच शौचालय बनाए जाएंगे। इससे पहले उन्होंने महाविद्यालय में 50 फीट ऊंचा तिरंगा भी फहराया।
बैठक में उच्चशिक्षा निदेशक प्रो. बीसी मेलकानी, कुलपति आवासीय महाविद्यालय अल्मोड़ा प्रो. एचएस धामी, प्रो. बीएस बिष्ट, डॉ. अनुराग अग्रवाल, प्राचार्य डॉ. ऊषा मित्तल, डॉ. निर्मला जोशी, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, महाविद्यालय अध्यक्ष नीरज मेहरा, गौरव पांडे, दीपक गस्याल, हेमंत सिंह अधिकारी, जमन सिंह मनराल, शैफाली उपाध्याय, दिग्विजय सिंह मेहरा, गौरव फर्त्याल आदि थे।
टॉल फ्री नंबर पर समस्या बता सकेंगे छात्र
एक जुलाई से उच्च शिक्षा विभाग में टॉल फ्री नंबर लांच किया जाएगा। जिसमें छात्र-छात्राएं अपनी समस्या बता सकेंगे। डिग्री कालेज में पढ़ने वाले सभी छात्र-छात्राओं का प्रधानमंत्री बीमा योजना के तहत निशुल्क बीमा कराया जाएगा।
जिसकी बीमा राशि उच्च शिक्षा विभाग वहन करेगा। साथ ही जीरो बैलेंस पर बैंक खाता खोला जाएगा। प्रदेश में समान फीस एवं शिक्षा प्रणाली का निर्धारण किया जाएगा। इसके लिए जलद कमेटी का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 27 महाविद्यालयों में ड्रेस कोड लागू हो चुका है। प्रदेश के सभी महाविद्यालयों मे ड्रेस कोड लागू किया जाएगा।
दस वर्ष से अधिक एक कॉलेज में नहीं रहेंगे प्रोफेसर
उच्च शिक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि प्रवक्ता कॉलेज में पांच घंटे अनिवार्य रूप से रहेंगे। दस वर्षों से अधिक कोई भी प्रोफेसर, प्रवक्ता एक कॉलेज में नही रहेंगे। कॉलेजों में सितंबर पहले सप्ताह में वीरचंद्र गढ़वाली और विजय दिवस मनाया जाएगा। इसमें रक्तदान शिविर भी लगेगा।