रामपुर रोड पर एक्सीडेंट में घायल बाराती।
- फोटो : HALDWANI
हल्द्वानी। शादी समारोह में सड़क पर डांस करना कितना गंभीर हो सकता है, सोमवार की रात पंचायतघर पर हुए हादसे में सामने आ गया। सड़क पर डांस कर रहे बरातियों को पिकअप ने रौंद डाला। इस हादसे में एक युवक की जान चली गई और नौ बराती घायल हो गए।
गन्ना सेंटर निवासी दूल्हे के भांजे कार्तिक पांडे ने बताया कि वह मेरठ के संजय नगर में रहता है। कार्तिक पांडे के दोस्त उसके मामा की शादी में शामिल होने के लिए आए थे। ये लोग बरात में डांस कर रहे थे कि अचानक काल बनकर आए एक पिकप ने शादी की खुशियों को मातम में बदल डाला। एक वाहन को ओवरटेक करने में चालक वाहन पर काबू नहीं रख पाया और पिकप ने हंस-खुशी डांस कर रहे बरातियों को रौंद डाला।
इस हादसे में उसके दोस्त आर्यन की मौत हो गई। आर्यन के परिवार को सूचना देने की किसी की हिम्मत नहीं पड़ रही थी। कार्तिक ने बताया कि आर्यन ने बीडीएस का कोर्स कर लिया था। वह नौकरी की तैयारी कर रहा था। दूल्हे के चाचा आनंद उप्रेती का कहना था कि लोगों ने गाड़ी से उतरकर अभी डांस करना शुरू किया ही था कि आंधी की तरह पिकअप गाड़ी आई और चालक ने बेरहमी से बरातियों को रौंद दिया। दूल्हे के परिवार के लोग शादी देखने की जगह एसटीएच में घायलों का इलाज करा रहे थे। देर रात तक अस्पताल में भी लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई थी।
रोड पर डांस किया तो होगी कार्रवाई
एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि पहले ही स्थानीय पुलिस को निर्देश दिए गए थे कि रोड पर डांस करना और बाजा बजाना नियम के खिलाफ है। इस मामले में बरात के आयोजक और बाजे वालों पर भी कार्रवाई होगी। बरातियों की थोड़ी सी लापरवाही के चलते एक युवक की जान चली गई। शादी-ब्याह में आम लोगों को इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि सड़क अवरुद्ध न हो और यातायात में कोई परेशानी न हो। लोग इस ओर ध्यान नहीं देते। सड़क घेरकर चलते हैं, यातायात अवरुद्ध होता है और गाहे-बगाहे इस तरह के दु:खद हादसे हो जाते हैं। पहले भी रोड पर बरात चलने के कारण हादसे हुए हैं।