नैनीताल। उत्तराखंड पर्यटन द्वारा एडीबी सहायतित आईडीआईपीटी के अंतर्गत साइकिंलिग फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में 8 से 16 अप्रैल तक द अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज की तीसरी रैली निकाली जाएगी।
जिलाधिकारी दीपक रावत ने रैली की व्यवस्थाओं के लिए संबंधित अफसरों की बैठक ली। कहा कि जिले में साइकिल रेस के लिए रूट की व्यवस्था कराएं और रूटों पर साइनेज लगवाएं। जहां-जहां डायवर्जन प्वाइंट हैं वहां तैनात करने के लिए अभी से स्वयं सेवियों का चयन करें।
उन्होंने केएमवीएन के महाप्रबंधक को प्रतिभागियों के लिए आवास व भोजन व्यवस्था करने को कहा। रैली 8 अप्रैल को पहले दिन सुबह नैनीताल से वाया भवाली-रामगढ़-भटलिया-धानाचुली- डोलबैंड-सुवाखान-दन्या-घाट होते हुए पिथौरागढ़ पहुंचेगी। इसके बाद पिथौरागढ़-बागेश्वर-कर्णप्रयाग-गुप्तकाशी-टिहरी-चिनियालीसौड़ व मसूरी होते हुए 16 अप्रैल को देहरादून पहुंचेगी, जहां पुरस्कार वितरण किया जाएगा।
उपनिदेशक पर्यटन जेसी बेरी ने बताया कि रैली में हिस्सा लेने के इच्छुक प्रतिभागियों का सात अप्रैल को ट्रायल लिया जाएगा। ट्रायल नैनीताल- बारापत्थर- रूसी बाईपास-ऑबजरवेट्री होते हुए 23.5 किमी का होगा। बैठक में केएमवीएन के महाप्रबंधक त्रिलोक सिह मर्तोलिया, अपर पुलिस अधीक्षक हरीश चंद्र सती, एआरटीओ गुरदेव सिह, उप क्रीड़ा अधिकारी बबीता बिष्ट, डा. पूरन द्विवेदी, बीसी त्रिवेदी आदि मौजूद थे।