हल्द्वानी में साइबर ठगों ने पंजाब नेशनल बैंक के एक खाताधारक को निशाना बनाकर तीन संदिग्ध यूपीआई लेनदेन के जरिए 83,999 रुपये निकाल लिए। पीड़ित भोटिया पड़ाव निवासी प्रवीण टोलिया हैं। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दर्ज मामले में पीड़ित ने बताया कि 10 अक्टूबर को उनके बैंक खाते से तीन बार में रकम निकाली गई। पहली बार 30 हजार रुपये, दूसरी बार 29 हजार रुपये और तीसरी बार 24,999 रुपये का लेनदेन हुआ। तीनों लेनदेन यूपीआई के माध्यम से किए गए। पीड़ित के अनुसार खाते से कुल 83,999 रुपये निकाले गए हैं।
एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि साइबर सेल की टीम मामले की जांच कर रही है। जिन बैंक खातों में रकम भेजी गई है, उन्हें फ्रीज करा दिया गया है।