हल्द्वानी। पिछले दिनों कालाढूंगी रोड स्थित एक रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी स्कूटी की डिकी से दो लाख रुपये पार करने वाले टप्पेबाजों की पहचान कर पुलिस ने एक आरोपी गोंडा यूपी निवासी अमर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे की तलाश जारी है। आरोपी के पास से 20 हजार की नकदी बरामद हुई है। उसके खिलाफ लखनऊ, गोंडा और बलरामपुर में मारपीट, लूट, छिनैती के अपराध में कई एफआईआर पहले से दर्ज है।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने बताया कि 22 मई को मूलरूप से लखनऊ और वर्तमान में गौलापार निवासी दीपक शर्मा ने तहरीर दी। इसमें कहा कि 20 मई 2026 को उन्होंने बैंक से दो लाख रुपये निकाले। इसके बाद वह कालाढूंगी रोड स्थित केएफसी के बाहर स्कूटी खड़ी कर खाना खाने चले गए। लौटे तो स्कूटी की डिकी से दो लाख रुपये गायब थे।
मामले में एफआईआर दर्ज कर एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल और सीओ अमित कुमार की टीम बनाई गई। टीम ने सीसीटीवी कैमरों को खंगालकर दो संदिग्धों की पहचान की। इसके आधार पर अमर सिंह निवासी ग्राम दुल्हापुर बनकट, थाना धानेपुर, जिला गोंडा (उत्तर प्रदेश) को मुखानी से गिरफ्तार किया गया।
योजना बनाकर करते हैं टप्पेबाजी
पुलिस की पूछताछ में अमर सिंह ने बताया कि वह तथा उसका साथी राजेश कुमार निवासी ग्राम मूडाडीहा, थाना धानेपुर जनपद गोंडा विभिन्न शहरों में इस तरह की वारदात को अंजाम देते हैं। इसके लिए वह शहर भी बदलते हैं। हल्द्वानी में 20 मई को राजेश बैंक के बाहर रेकी कर रहा था। अमर सिंह के अनुसार रकम पार करने के बाद बंटवारे के लिए दोनों के बीच तनातनी थी। राजेश ने अपने पास 1.20 लाख रुपये रखे जबकि उसे 80 हजार दिए। अमर सिंह का पैसा उसके बीमार पिता के इलाज में खर्च हो गया।
अमर पर कई एफआईआर
अमर सिंह के खिलाफ लखनऊ के हजरतगंज में वर्ष 2007 में लूट, गोंडा के इटिया थोक में लूट व चोरी, 2009 में मनकापुर काेतवाली गोंडा में हत्या व अनुसूचित जाति व जनजाति निवारण अधिनियम, 2011 में धानेपुर गोंडा में मारपीट व धमकी के दो, उतरौला कोतवाली बलरामपुर में लूट व चोरी, धानेपुर में 2017 में गुंडा एक्ट का मामला दर्ज है।