नैनीताल। नैनीताल में रसोई गैस की किल्लत बढ़ने लगी है। ग्रामीण क्षेत्रों में गैस सिलिंडरों की होम डिलीवरी बाधित होने के कारण लोग मजबूरन सिलिंडर लेने शहर की दौड़ लगा रहे हैं। इससे गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं।
बुधवार सुबह से ही तल्लीताल धर्मशाला समेत शहर के विभिन्न वितरण केंद्रों पर उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सिलिंडर लेने पहुंचे लोगों को घंटों लाइन में लगना पड़ा। ग्रामीण इलाकों से आए लोगों का कहना है कि कई दिनों से गैस की आपूर्ति नहीं हो पा रही है जिससे रोजमर्रा का काम प्रभावित हो रहा है। शहरवासियों को भी गैस संकट का सामना करना पड़ रहा है। मांग अधिक और आपूर्ति सीमित होने के चलते एजेंसियों पर दबाव बढ़ गया है। हालात ऐसे हैं कि सुबह से लाइन में लगने के बाद शाम तक सिलिंडर मिल रहा है। डीएम ललित मोहन रयाल ने बताया कि नियमों के तहत सभी उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। पूर्व में एक दिन गैस सिलिंडर कम आने के चलते व्यवस्था प्रभावित रही। फिलहाल गैस सिलिंडरों की कमी नहीं है। उन्होंने उपभोक्ताओं से संयम रखने की अपील की है।