थानाक्षेत्र अंतर्गत कालाढूंगी-नैनीताल रोड पर एक अज्ञात युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवती का शव नग्न अवस्था में सड़क से करीब 150 फीट नीचे पड़ा हुआ था। शव की पहचान छुपाने के उद्देश्य से उसे टायरों से जलाने का प्रयास किया गया है। आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं और कर शव को यहां ठिकाने लगाया गया है।
पुलिस के मुताबिक मार्निंग वॉक करने वाले कुछ युवकों ने कालाढूंगी-नैनीताल रोड पर खाई में एक युवती का शव पड़े होने की सूचना दी। इससे पुलिस महकमे में खलबली मच गई। सीओ रामनगर स्वतंत्र कुमार ने टीम के साथ मौका मुआयना किया।
मृतका की उम्र करीब 22 से 25 वर्ष के बीच है और शव नग्न अवस्था में बरामद हुआ है। शव की पहचान छुपाने के उद्देश्य से उसे टायरों से जलाया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथमदृष्टया हत्या गला घोंटकर किया जाना प्रतीत हो रहा है।
युवती के हुलिए के अनुसार पुलिस शिनाख्त में जुट गई है। थानाध्यक्ष कमाल हसन का कहना है कि क्षेत्र के सभी थानों को सूचित किया जा चुका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असल कारणों का पता चल पाएगा।
पुलिस की चेकिंग सवालों में
पुलिस द्वारा रोजाना गड़प्पू बैरियर और नैनीताल तिराहे के पास वाहनों की चेकिंग की जाती हैं। लेकिन, उसके बाद भी नैनीताल रोड पर शव के मिलने से पुलिस की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। क्योंकि हत्यारों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए किसी वाहन का ही इस्तेमाल किया होगा।
रोजाना वाहनों की चेकिंग होने के बाद भी हत्यारे शव को नैनीताल रोड पर जलाने के बाद फेंककर आसानी से फरार हो गए और पुलिस को खबर तक नहीं लगी। अब पुलिस के सामने शव की शिनाख्त, आरोपियों की गिरफ्तारी के अलावा अपनी कार्य प्रणाली में हुई लापरवाही को ढूंढने की भी चुनौती है।