नैनीताल-पंगूट मार्ग में नगर से करीब आठ किलोमीटर दूर नाले में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। राजस्व क्षेत्र होने के कारण मौके पर पहुंची राजस्व पुलिस ने शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। शव पर चोट के भी निशान नहीं हैं। राजस्व पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
बुधवार को जाख बीट फायर लाइन कंपार्टमेंट के वन रक्षक अशोक कुमार ने गश्त के दौरान दोपहर करीब दो बजे टांकी बैंड से लगभग चार किलोमीटर आगे सड़क से नीचे नाले में एक युवक का शव पड़ा देखा। जिसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना के बाद सीओ एचसी सती, कोतवाल टीआर वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन कोश्याकुटौली तहसील का राजस्व क्षेत्र होने के कारण मामले की सूचना राजस्व पुलिस को दी गई।
बाद में कानूनगो देवी दत्त, राजस्व एसआई देवकी राम, पटवारी पी. ह्यांकी आदि मौके पर पहुंचे और शव कब्जे में लिया। सफेद धारीदार शर्ट और हल्की भूरी पैंट पहने युवक के पैर में चप्पल नहीं थे। उसकी उम्र लगभग 40 वर्ष बताई जा रही है और शरीर पर कहीं भी चोट के निशान नहीं हैं। युवक वहां कैसे आया, किस तरह नाले में जाकर उसकी मौत हुई पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।