हल्द्वानी। पनचक्की तिराहे पर पुलिस बूथ के सामने कार से खींचकर बैंक कर्मी और उसके भाई की पिटाई करने और उनकी कार में आग लगाने के मामले में पुलिस ने रामगढ़ के पूर्व प्रमुख लाखन सिंह के भाई समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने बैंक कर्मी के भाई की ओर से दी गई तहरीर के आधार सात लोगों के खिलाफ मारपीट करने, गाड़ी में आग लगाने, जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
शनिवार की रात पनचक्की तिराहे पर पुलिस बूथ के सामने दबंगों ने बेड़ी खत्ता दमुवाढुंगा निवासी बैंक कर्मी अशोक कुमार और उनके भाई को कार से खींचकर पीट दिया था। दबंगों ने उनकी कार पर आग भी लगा दी थी। पुलिस बूथ में तैनात पुलिस कर्मियों ने हमलावरों को पकड़ने की कोशिश नहीं की। घटना के दौरान पुलिस तमाशबीन बनी रही।
इस मामले में सोमवार को बैंक कर्मी के भाई सुनील कुमार की तहरीर पर पुलिस ने पनचक्की तिराहा निवासी पप्पू नेगी, महेंद्र नेगी, देवेंद्र मेहरा, बिज्जू कैड़ा, राकेश कार्की, सुनील नेगी और हेमू समेत सात लोगों पर एससी एसटी एक्ट, धारा 504, 435 के तहत मुकदमा दर्ज कर दिया।
सीओ आरएस हयांकी और काठगोदाम के प्रभारी थाना प्रभारी मनोहर सिंह पांगती ने बताया कि पुलिस ने आरोपी पप्पू नेगी और देवेंद्र मेहरा को पनचक्की तिराहे के समीप स्थित रामगढ़ ब्लाक के पूर्व प्रमुख के कार्यालय से गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी यशवंत सिंह ने बताया कि मामले में गिरफ्तार आरोपी पप्पू नेगी पूर्व प्रमुख लाखन सिंह नेगी का भाई बताया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस मामले में अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्हें जल्दी ही गिरफ्तार किया जाएगा। शहर में इस तरह की घटनाओं को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हल्द्वानी। शनिवार की रात पनचक्की तिराहे पर हुई घटना के मामले में आरोपी पक्ष ने भी पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात लोगों पर उनके कार्यालय में आकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। काठगोदाम पुलिस के अनुसार देवेंद्र मेहरा की ओर से दी गई तहरीर में उन्होंने अज्ञात लोगों पर उनके कार्यालय में आकर तोड़फोड़ करने, उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया है।