आरटीओ विभाग का वीडियो कैमरा नियम तोड़ने वालों पर भारी पड़ रहा है। वीडियो कैमरे ने सात सौ से अधिक ऐसे लोगों को पकड़ा है, जो कि मोबाइल से बात करने से लेकर बिना हेलमेट स्कूटर, बाइक चला रहे थे। इनका चालान किया गया है। इससे सवा लाख से अधिक का जुर्माना वसूला गया है।
डीएम दीपक रावत ने करीब ढाई माह पहले सामान्य के अलावा वीडियो कैमरे से चेकिंग कर चालान करने के निर्देश दिए थे। यह प्रयोग सफल साबित हुआ है। परिवहन विभाग की टीम ने वीडियोग्राफी से 784 वाहन स्वामियों का चालान किया है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन डा. गुरदेव सिंह कहते हैं कि इसमें सबसे अधिक बिना हेलमेट (729) वाले पकड़े गए हैं। इसके अलावा वाहन चलाते समय मोेबाइल से बात करने वाले 10, ट्रिपल राइडिंग में 45 का चालान किया गया है। इनसे करीब एक लाख 34 हजार का जुर्माना भी जमा किया गया है।
वीडियो कैमरे से हुई चेकिंग का लोगों को तब पता चलता है, जब चालान डाक के जरिए उनके घर पहुंचता है। ट्रिपल राइडिंग, मोबाइल आदि से बात करने पर खतरनाक संचालन में भी जुर्माना लगाया गया। आरटीओ एसके सिंह कहते हैं कि यह प्रयास काफी सफल रहा है। इसे अन्य जगहों पर भी लागू किया जाएगा। कैमरों की खरीद के लिए यूजर चार्ज से राशि की व्यवस्था कर ली जाएगी।