सरे बाजार चलते टेंपो से एलईडी पार कर भाग रहे बाइक सवार दो चोर पुलिस के हत्थे चढ़ गए। इनकी बाइक की रफ्तार इतनी अधिक थी कि बेरिकेडिंग से टकराकर गिर गए थे। पुलिस ने इनके कब्जे से एलईडी बरामद कर बाइक को कब्जे में ले लिया। दोनों का आपराधिक रिकार्ड भी खंगाला जा रहा है।
पीरूमदारा चौकी पुलिस इंचार्ज कमलेश भट्ट ने बताया कि अतुल इलेक्ट्रानिक्स के शहर में दो शोरूम हैं। ये अपने भवानीगंज स्थित गोदाम से टेंपो में टीवी, फ्रिज ला रहे थे। पुरानी तहसील चौक शोरूम में कुछ समान उतारकर दूसरे शोरूम जा रहे थे। तभी सुभाष चौक के पास बाइक सवार दो चोरों में से एक ने चलते टेंपो से एक एलईडी निकाल ली और फरार हो गए। मामला संदिग्ध देख एक व्यापारी पुत्र ने शोरूम स्वामी अतुल को इसकी जानकारी दी। उन्होंने पुलिस को सूचित किया तो पुलिस ने शहर की नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।
इस बीच पीरूमदारा सती मंदिर के पास पुलिस ने चेकिंग के लिए बेरिकेडिंग लगाया था, तभी यह दोनों रामनगर की ओर से 120 की रफ्तार में बाइक (यूपी 22जे/7786) पर जा रहे थे। पुलिस को देख घबराहट में इनकी बाइक बेरिकेडिंग से टकरा गई और दोनों जमीन पर गिर पड़े। पुलिस ने दोनों को एलईडी के साथ दबोच लिया। पुलिस ने रफीक पुत्र शरीफ निवासी गली नंबर-8 करोला थाना कटघर मुरादाबाद, अतीक पुत्र शकील ग्राम चकस्वार रामपुर को गिरफ्तार कर उनकी बाइक कब्जे में ले ली। एसआई भट्ट ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ धारा 379, 411 आईपीसी में मुकदमा दर्ज किया है। दोनों को रविवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इन्होंने 2014 में थाना गंज मुरादाबाद में सर्राफा व्यवसायी से लूट करने के साथ ही रामनगर, कालाढूंगी और हल्द्वानी में भी कई चोरियां की हैं, जिनके आपराधिक रिकार्ड खंगाले जा रहे हैं।