बाइक को ओवर टेक करने की जल्दबाजी में बेकाबू केमू बस ने सड़क किनारे खच्चर लेकर जा रहे युवक को कुचल दिया। उसकी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे में उसके खच्चर की भी जान चली गई। पुलिस ने आरोपी बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
केमू की बस संख्या यूए 04 ई 3979 बुधवार को स्टेशन रोड स्थित केमू अड्डे से नैनी जागेश्वर के लिए निकली। बस को चालक आनंद सिंह निवासी जवाहर ज्योति दमूवाढूंगा चला रहा था। सुबह करीब साढ़े सात बजे काठगोदाम में नारीमन चौक के पास बाइक को ओवर टेक करने के प्रयास में बस ने सड़क किनारे खच्चर लेकर जा रहे नौशाद (19) पुत्र इशाक बेग निवासी गौला बैराज को कुचल दिया।
हादसे से राहगीरों में खलबली मच गई। उन्होंने नौशाद को एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस बीच पुलिस ने चालक को पकड़ लिया है। नौशाद की मौत की खबर लगते ही लोगों ने आरोप लगाया कि काठगोदाम में आबादी क्षेत्र होने के बाद भी बस, टैक्सी चालक तेज गति में वाहन चलाते है जिससे हादसे होते हैं।
इधर परिजनों की तहरीर के आधार पर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। एसओ काठगोदाम नीरज भाकुनी ने बताया कि हादसे के आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा कायम कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
ब्रेक लगाए लेकिन बस नहीं रुकी
चालक आनंद सिंह ने बताया कि बस को रोकने के लिए ब्रेक लगाए लेकिन ब्रेक फेल हो गए और बस नहीं रुकी जिसकी वजह से नौशाद चपेट में आ गया।
रात भर खच्चर को ढूंढा, सुबह खच्चर भी मिला मौत भी
परिजनों के मुताबिक खच्चर रात को गुम हो गया था। नौशाद को जानवर से बड़ा प्रेम था वह पूरी रात खच्चर की तलाश करता रहा। सुबह खच्चर के मिल जाने पर वह जानवर को लेकर घर की तरफ जा रहा था लेकिन इससे पहले वह घर पहुंचता हादसा हो गया।