तेज गति जा रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। उसके बाद बेकाबू हुए ट्रक ने एक और बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में एक बालिका की मौत हो गई और उसके माता-पिता व भाई समेत पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया, जबकि चालक फरार हो गया। सभी घायलों को उपचार के लिए हल्द्वानी भेज दिया गया।
हादसा बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े छह बजे हुआ। बद्रीपुरा काठगोदाम निवासी फरीद उर्फ भोला पुत्र अलीजान अपनी पत्नी रुखसार, पुत्र समीर (5) और पुत्री सोनू (2) के साथ ट्रेन से काशीपुर से लौटे। लालकुआं स्टेशन पर खड़ी अपनी बाइक लेकर वे घर के लिए निकले।
मोटाहल्दू के पास पीछे से आ रहे ट्रक (यूपी 25 एटी-3008) ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दंपति और बच्चे छिटककर दूर जा गिरे, इनमें 2 वर्षीय सोनू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक ने ट्रक की रफ्तार बढ़ा दी और सामने से आ रही बाइक को भी चपेट में ले लिया।
बाइक सवार बरेली निवासी दोनों घायल हो गए। एक किमी दूर जाने पर चालक ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने निजी वाहनों से पांचों घायलों को उपचार के लिए हल्द्वानी भेजा।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बालिका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रक और क्षतिग्रस्त बाइकों को भी कब्जे में ले लिया है। इधर, सूचना के आधा घंटा बाद भी 108 न पहुंचने पर क्षेत्रवासियों में आक्रोश व्याप्त है।