सैयदराजा-जमानियां मार्ग पर बरहनी के समीप गुरुवार की सुबह ट्रक की चपेट में आने से आठवीं की छात्रा की मौत हो गई।
इससे
नाराज ग्रामीणों ने शव सड़क पर रख जाम लगा दिया। कई वाहनों के शीशे तोड़
डाले।
कंदवा थाने की जीप पर पथराव कर शीशा तोड़ दिया। तीन घंटे बाद पहुंचे
एसडीएम ने ग्रामीणों को शांत कराया। मौके पर कंदवा, सैयदराजा, सकलडीहा,
चंदौली थाने की पुलिस तैनात कर दी गई।
जेवरियाबाद गांव निवासी शिवांगी
(14) पुत्री अनिल सिंह बरहनी स्थित किसान इंटर कालेज में आठवीं में पढ़ती
थी। सुबह सात बजे वह साइकल से जा रही थी।
कालेज के समीप एक ओवरलोड ट्रक की
चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। चालक वाहन लेकर भाग गया। ग्रामीणों ने सूचना
दी लेकिन पुलिस नहीं पहुंची, जबकि तीन सौ मीटर दूर ही रामपुर पुलिस चौकी
है।
इसपर लोगों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। कई वाहनों के शीशे तोड़
डाले। सूचना पर कंदवा के साथ सैयदराजा, चंदौली, सकलडीहा कोतवाली पुलिस
पहुंची। सीओ सकलडीहा श्यामदेव ने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन जाम
नहीं हटा। भीड़ ने कंदवा थाने की जीप पर भी पथराव किया, इससे शीशा टूट
गया।
साढ़े दस बजे एसडीएम सदर गिरीश कुमार पहुंचे और जाम खत्म कराया। कालेज
प्रशासन ने कालेज के समीप ब्रेकर बनवाने, ट्रक चालक को गिरफ्तार करने,
पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने और कालेज की छूट्टी के समय
पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने की मांग की।
एसडीएम ने इस पर सहमति जताई।
कंदवा थानाध्यक्ष मंजू यादव ने बताया कि ट्रक और चालक की तलाश की जा रही
है। चक्का जाम करने और वाहनों के शीशे तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की
जाएगी।