अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने गर्जिया मंदिर क्षेत्र में अश्लील हरकतें करने पर युवक-युवतियों की खूब पिटाई की। हिदायत दी कि भविष्य में दोबारा मंदिर परिसर में ऐसी हरकतें करते पकड़े गए तो बंदी बनाया जाएगा। वहीं, गर्जिया चौकी पुलिस इंचार्ज हरीश पुरी सभी को पकड़कर चौकी ले गए, जहां देर रात परिजनों के आने के बाद उन्हें सभी को हिदायत देकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
कालेज अध्यक्ष यतिन रौतेला ने बताया कि उन्होंने परिषद कार्यकर्ताओं के साथ मंदिर में आपत्तिजनक हरकतें करते हुए मुरादाबाद-काशीपुर के कई युवक-युवतियों को पकड़ा। साथ ही कई लोगों को शराब पीने पर उनकी पिटाई भी की। परिषद कार्यकर्ताओं ने आक्रोश जाहिर कर कहा कि किसी भी धार्मिक स्थल पर अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सूचना पर मौके पर पहुंचे गर्जिया चौकी इंचार्ज हरीशपुरी सभी को चौकी ले गए और फटकार लगाई। एसआई पुरी ने बताया कि मंदिर में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने जिन्हें पकड़ा था, उसमें से एक जोड़े की सगाई हो चुकी है। दोनों के परिजनों को बुलाकर उन्हें उनके हवाले कर दिया गया। इस दौरान विद्यार्थी परिषद के शिखर भट्ट, जगदीश लोहनी, कुलदीप सिंह रावत मौजूद थे।