फेसबुक में भगवान श्रीकृष्ण के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने की मांग को लेकर विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने शनिवार की शाम यहां थाने का घेराव किया।
आपत्तिजनक टिप्पणी पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए लोगों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन उग्र होते देर नहीं लगेगी। इस दौरान हंगामा काट रहे युवाओं की पुलिस से हल्की तू-तू मैं मैं भी हुई।
देर शाम पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। शनिवार की शाम चार बजे के करीब नगर पंचायत के मनोनीत सदस्य भूपेश कन्नौजिया को पता चला कि भवाली निवासी आसिम खान नामक युवक द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के खिलाफ फेसबुक में आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है।
कुछ ही देर में यह बात पूरे क्षेत्र में फैल गई और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग मल्लीताल में एकत्र हो गए। बाद में दर्जनों लोगों ने थाने में पहुंचकर थानाध्यक्ष इंद्र सिंह राणा को मामले की जानकारी दी और आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कराने की मांग की। देखते ही देखते थाने में खासी भीड़ जमा हो गई।
आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने वालों में नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश नेगी, शरद पांडे, सूरज मेहरा, दीपू फर्त्याल, डीके डालाकोटी, व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज जोशी, राम सेवक मंडली के अध्यक्ष सौरभ रौतेला आदि शामिल थे।
देर शाम नगर पंचायत के मनोनीत सदस्य भूपेश कन्नौजिया की तहरीर के आधार पर पुलिस ने भवाली निवासी आसिम खान के खिलाफ आईपीसी की धारा 153 ए, 259 और 67 आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
थानाध्यक्ष राणा ने बताया कि आरोपी युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया है। उधर, भवाली में विभिन्न संगठनों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने का घेराव किया।