चोरों से निपटने के लिए पुलिस का कोई भी एक्शन प्लान काम नहीं आ रहा है। चोरी की वारदातें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अब नवाबी रोड पर शक्ति सदन गली में एकाउंटेंट जगदीश चंद गोयल के मकान का ताला तोड़कर चोर दस हजार रुपये, चांदी की लक्ष्मी गणेश की मूर्तियां और सहित अन्य सामान समेट ले गए।
शहर में एक चोरी की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। कोतवाल आरएस मेहता खुद मौका मुआयना करने पहुंच गए। पुलिस को शक है कि घटना को नशेड़ियों ने अंजाम दिया है क्योंकि कीमती सामान पर चोरों ने हाथ नहीं लगाया है।
जगदीश चंद गोयल एक समाचार पत्र में मुख्य एकाउंटेंट के पद पर कार्यरत हैं। शुक्रवार को वह अपनी पत्नी के साथ बेटी से मिलने के लिए दिल्ली गए थे। रविवार को वह पत्नी को बेटी के पास छोड़कर लौट आए। घर आने पर देखा तो गलियारे की कुंडी टूटी थी।
तीन कमरों की अलमारियों के ताले भी टूटे थे। सामान बाहर फेंका गया था। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस का कहना था कि चोर मुख्य गेट को फांदकर अंदर घुसे थे। जगदीश ने पुलिस को बताया कि लक्ष्मी गणेश की मूर्तियां, 10 हजार रुपये और जेवर गायब हैं। अन्य सामान की सही जानकारी पत्नी के आने के बाद ही हासिल हो सकेगी।
सीसीटीवी से मिलेगा चोरों का सुराग
कोतवाल आरएस मेहता का कहना है कि घटनास्थल के दोनों तरफ मार्गों पर सीसीटीवी लगे हैं। इन कैमरों से चोरों के बारे में सुराग लग सकेगा। पुलिस की टीमें सीसीटीवी के फुटेज को खंगाल रही है।
पुलिस सुस्त, चोर मस्त
शहर में एक के बाद चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। लोग घर छोड़कर जाने से डर रहे हैं। दिन में भी घर में ताला लगाकर इधर-उधर जाना खतरे से कम नहीं है। पुलिस सिर्फ बैठकें कर चोरों से निपटने का प्लान बना रही है। सिर्फ एक चोरी का खुलासा कर पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा है।
एक महीने आठ दिन में आठ चोरियां
31 मार्च : पुराने आरटीओ दफ्तर के पास स्थित कपूर कम्यूनिकेशन की दीवार तोड़कर चोरी।
10 अप्रैल : कमलुवागांजा क्षेत्र के कबडवाल गांव में रिटायर्ड शिक्षक के घर से दिनदहाड़े चोरी।
23 अप्रैल : नवाबी रोड में ओएनजीसी के रिटायर्ड सीए के घर से दिनदहाड़े माल उड़ाया।
24 अप्रैल : आनंदपुरम कालोनी लालपुर नायक गांव में रिटायर्ड समाज कल्याण अधिकारी के घर दिनदहाड़े घुसे चोर
28 अप्रैल : रेलवे ऑफिसर कॉलोनी काठगोदाम में सीनियर सेक्शन इंजीनियर (विद्युत) के घर चोरी।
30 अप्रैल : सरस्वती विहार रामपुर रोड निवासी टैक्सी चालक का घर खंगाला।
1 मई : राधा विहार डहरिया निवासी प्रॉपर्टी डीलर के घर पर दिनदहाड़े चोरी।