आखिरकार सुशील भट्ट की आत्मदाह की चेतावनी काम आ ही गई। पुलिस ने हरकत में आते हुए मारपीट के सात आरोपियों को चिन्हित कर नोटिस भेजा गया है, जबकि अन्य को चिन्हित किया जा रहा है। वहीं, भट्ट ने भी आत्मदाह की चेतावनी वापस लेते हुए कई दिनों से चल रहे धरना-प्रदर्शन को समाप्त कर दिया है।
बता दें कि बीते दिनों ऑरम स्कूल में हुए प्रकरण में स्कूल के विरोध में प्रदर्शन कर रही गुस्साई भीड़ ने सुशील भट्ट पर हमला कर पिटाई लगा दी थी। सुशील ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इससे नाराज भट्ट पिछले कई दिनों से बुद्ध पार्क में धरना-प्रदर्शन कर रहे थे।
फिर भी पुलिस नहीं जागी तो तो पुलिस की नींद तोड़ने के लिए भट्ट ने 48 घंटे में कार्रवाई नहीं होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी थी। रविवार को सीओ लोकजीत सिंह व कोतवाल आरएस मेहता बुद्ध पार्क पहुंचे और धरना कर रहे भट्ट को कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही हमले के सात आरोपियों को चिन्हित करने की भी जानकारी दी।
इस पर भट्ट ने आत्मदाह और धरना-प्रदर्शन वापस लेने का फैसला लिया है। पुलिस ने गुरप्रीत सिंह निवासी गुरुनानक पुरा, रवि शर्मा निवासी मीरा मार्ग, लखविंदर सिंह व चरणदीप सिंह निवासी मल्ला गोरखपुर, प्रिंस निवासी तिकोनिया, अमरजीत निवासी मल्ला गोरखपुर, गगनदीप निवासी ठंडी सड़क को 41 सीआरपीसी के नोटिस भेजे हैं। कोतवाल मेहता ने बताया कि सात आरोपी को चिन्हित किया है, बाकी को चिन्हित किया जा रहा है।
अब पार्षद ने दी आत्मदाह की चेतावनी
वार्ड नौ के पार्षद मुन्ना पोखरिया ने सुशील भट्ट पर हमला करने वालों की गिरफ्तारी नहीं होने पर सोमवार को दोपहर 12 बजे आत्मदाह की चेतावनी दी है।