हरियाणा के पर्यटकों ने रविवार देर रात मल्लीताल में जमकर बवाल काटा और एक दुकानदार के अपहरण का प्रयास किया। आसपास के दुकानदारों ने जैसे-तैसे दुकानदार को छुड़ाकर पर्यटकों को पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने पर्यटकों को मेडिकल के लिए भेजकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
रविवार रात करीब 12 बजे हरियाणा के तीन पर्यटक मल्लीताल शारदा संघ के नीचे स्थित अभिजीत बिष्ट की दुकान पर सिगरेट खरीदने आये और उससे जीएसटी दरों को लेकर उलझने लगे। आसपास के लोगों ने इन्हें समझा-बुझाकर रवाना किया तो आरोप है कि गालीगलौज कर चले गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वे चिल्लाते हुए आसपास घूमते रहे और थोड़ी देर बाद अपनी कार यूके 18 ई 1600 लेकर आये और जबरन अभिजीत को उसमें बिठा लिया। उसे लेकर ये भागने की तैयारी में थे कि आसपास लोग आ गए और बमुश्किल इनके कब्जे से अभिजीत को छुड़ाया।
मामला बढ़ने पर मौके पर कई लोग जमा हो गए और इन्हें पकड़कर थाना मल्लीताल ले गए। अभिजीत के अनुसार सभी पर्यटक शराब के नशे में थे। अभिजीत ने इनके खिलाफ थाने में तहरीर दी। कोतवाल विपिन पंत ने पर्यटकों को मेडिकल के लिए बीडी पांडे चिकित्सालय भिजवाया। इस दौरान थाने में बड़ी संख्या में व्यापारियों, छात्र नेताओं आदि की भीड़ जमा हो गई।