बृहस्पतिवार रात पड़ोस में ही विवाह समारोह से घर लौटे वृद्ध की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह अर्द्धनग्नावस्था में उसका रक्तरंजित शव घर के पास खलिहान में पड़ा मिला। इससे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल के आसपास से खून से सने कई डंडे बरामद किए हैं। पुलिस ने हत्याकांड के जल्द खुलासे का दावा करते हुए कहा कि कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
राजीव नगर प्रथम के ग्रामीणों ने बताया कि गुरुवार की रात गांव में शादी थी। गांव का ही हीरा सिंह राणा (68) भी शादी में गया था। लौटते समय वह मानसिक रूप से कमजोर पत्नी कुसुमा देवी के लिए खाना भी लाया था। शुक्रवार की सुबह खून से सना हीरा का अर्द्धनग्न शव घर के पास खलिहान पर पड़ा था।
कुसुमा ने किसी को बताए बिना शव को एक चादर से ढक दिया था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल से खून से सने छह डंडे बरामद किए हैं। हत्या के बाद दो मीटर तक वृद्ध का शव घसीटे जाने के निशान भी घटना स्थल से मिले हैं। पुलिस के मुताबिक हीरा की पत्नी कुसुमा की आंख के पास चोट के निशान मिलने की भी पुलिस जांच कर रही है।
कोतवाल उम्मेद सिंह दानू के मुताबिक वृद्ध की हत्या की जांच कई बिंदुओं पर टिकी है। उन्होंने जल्द खुलासे का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक मृतक के दो पुत्र में से एक दिल्ली में परिवार समेत रहता है जबकि बिंदुखत्ता में ही रहने वाला छोटा पुत्र चंदन एक दिन पहले पारिवारिक कार्य से लखनऊ गया था। पुलिस उसके पहुंचने का भी इंतजार कर रही है। फिलहाल पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेजा है।
आखिर क्यों की गई हीरा सिंह की हत्या
ग्रामीणों ने बताया कि वृद्ध हीरा सिंह राणा की किसी से जमीनी रंजिश नहीं थी। उसका कभी किसी से विवाद भी नहीं हुआ। इसके बावजूद उसकी निर्मम हत्या का कारण खोजना पुलिस के लिए टेड़ी खीर साबित हो रहा है। चर्चाओं के मुताबिक हत्या के पीछे बदनामी का डर या फिर किसी नजदीकी व्यक्ति से अचानक हुई तनातनी हो सकती है। मृतक हीरा सिंह राणा बकरियों का कारोबारी था। इसलिए आशंका है कि मवेशी चोरी करने के इरादे से आए चोरों को हीरा ने पहचान लिया हो और इसी बदनामी से बचने के लिए हीरा की हत्या कर दी हो। बहरहाल इन दोनों बिंदुओं पर कोई क्लू न मिलने से हत्या की गुत्थी उलझती जा रही है।