अवैध खनन में केवल डंपर, घोड़ा, बुग्गी का ही इस्तेमाल नहीं हो रहा है, बल्कि तस्करों ने बड़े पैमाने पर भैंसा गाड़ी भी इसमें उतार दी है। तराई पूर्वी वन प्रभाग की डौली रेंज की टीम ने शांतिपुरी क्षेत्र में दस भैंसा गाड़ी जब्त की है।
शांतिपुरी क्षेत्र में अवैध खनन की लंबे समय से शिकायत बनी हुई है। तस्करों ने नदी क्षेत्र में तस्करी करने के लिए बड़ी संख्या में भैंसा गाड़ी लगाई हुई है। पहले भैंसा गाड़ी के जरिए रेत एकत्र किया जाता है, फिर इनको डंपर से ठिकाने लगा दिया जाता है।
सूचना पर वन क्षेत्राधिकारी आरपी जोशी के नेतृत्व में एक टीम सुबह करीब पांच बजे नदी क्षेत्र पहुंची। आरओ जोशी ने बताया कि मौके से दस भैंसा गाड़ी को जब्त किया गया है। इनसे करीब 100 क्विंटल रेता ढोया जा रहा था।