बगैर अनुमति अपने खेत में जेसीबी लगाकर खनन करने वाले विपिन चंद्र पाठक नामक व्यक्ति पर 24 लाख 11 हजार रुपए जुर्माना लगाया गया है। शनिवार को उपजिलाधिकारी पंकज उपाध्याय और उप निदेशक (खनन) राजपाल लेघा ने छापेमारी कर अवैध खनन पकड़ा। इसके अलावा दो स्टोन क्रशरों को भी नोटिस जारी कर छापे की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी गई है।
टीम बरेली रोड तुलारामपुर स्थित विपिन पाठक के खेत की पैमाइश की तो पता चला कि खेत से 5304 घनमीटर उपखनिज निकाला गया है। एसडीएम ने बताया कि खेत में जेसीबी चलाई गई है। विपिन पाठक ने उपखनिज को स्थानीय स्टोन क्रशरों को बेचा है। खनन के बाद गड्ढे को केमिकल युक्त राख से पाटा गया है।
उन्होंने बताया कि मोतीनगर के ग्रामिणों की शिकायत पर हिमालय स्टोन क्रशर और हिमालया ग्रिड में भी छापामारी की गई। दोनो क्रशरों में नियमो को ताक पर रखकर पर्यावरण को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। क्रशर मालिकों के पास प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुमती पत्र की अवधि भी खत्म हो चुकी थी।
एसडीएम ने बताया कि हिमालया स्टोन क्रशर में फव्वारा तक नहीं चलाया जा रहा है। ग्रीन बेल्ट और दीवार भी मानक से छोटी पाई गई। दोनों क्रशर मालिकों को नोटिस जारी किया गया है।