टनकपुर रोड रेलवे क्रासिंग स्थित हार्डवेयर की दुकान और गोदाम में शनिवार देर रात आग लग गई। हादसे की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम और पुलिस ने जेसीबी से दुकान का शटर और दीवार को तोड़कर किसी प्रकार आग को काबू किया। अग्निकांड में दुकानदार ने लाखों की क्षति होने का दावा किया है। घटना का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
सतीश नगर कालोनी मुखानी निवासी राकेश अग्रवाल की टनकपुर रोड रेलवे क्रासिंग पर हार्डवेयर की दुकान है। शनिवार देर रात करीब दो बजे अचानक हार्डवेयर की बंद दुकान में आग लग गई। आसपास के लोगों ने घटना से दुकानदार को अवगत कराया। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। एफएसओ इंद्रजीत आर्या ने आयरन कटर से शटर काटा।
फिर भी आग बुझ नहीं रही थी। अंत में पुलिस ने जेसीबी मंगायी। जेसीबी से दुकान का शटर और दीवार को तोड़ी गयी और सात गाड़ियों के पानी से आग को काबू में कर लिया गया। दुकानदार ने बताया कि दुकान में 20 लाख से अधिक मूल्य का सामान था। उन्होंने दस लाख रुपये का बीमा कराया था। दुकान की दीवारें भी हादसे के चलते बेकार हो गई हैं।