इलाहाबाद। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पास स्थित एक कोचिंग में रविवार शाम को दो लड़कों के बीच सीट पर बैठने को लेकर झगड़ा हो गया। मारपीट की सूचना पर विवि चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे तो उनसे भी बदसलूकी की गई। पुलिस ने आरोपी को पकड़ना चाहा तो वह दरोगा को धक्का दे कोचिंग की दीवार फांदकर भाग निकला।
विवि के पास स्थित मेधा कोचिंग में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी होती है। कोचिंग में पढ़ने वाले रोहतक बिहार के छात्र सूर्य नारायण मिश्र का केपीयूसी हॉस्टल में रहने वाले आशीष राय नामक छात्र से सीट पर बैठने को लेकर झगड़ा हो गया। आशीष ने लात-घूंसों से पीटकर सूर्य नारायण को लहूलुहान कर दिया।
मारपीट की सूचना पर चौकी प्रभारी विवि आजाद सिंह अकेले पहुंच गए। ाजाद सिंह से छात्र आशीष राय भिड़ गया औरे हाथापाई करने लगा। आशीष धक्का देकर कोचिंग से भाग निकला। छात्र सूर्य नारायण की शिकायत पर पुलिस ने आशीष के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। एसआई आजाद सिंह ने बताया कि वह दबिश से लौटे थे। जिसके चलते अकेले सादे ड्रेस में मौके पर पहुंच गए। आरोपी छात्र की तलाश में दबिश दी जा रही है।
सिविल लाइंस में पत्रिका चौराहे के पास रविवार दोपहर दो निजी बस में टक्कर हो गई। टक्क र के बाद दोनों बसों के चालक और कंडक्टर में मारपीट होने लगी। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की बस पर पथराव कर दिया। जिसके चलते बस का शीशा टूट गया। मारपीट से चौराहे पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर सिविल लाइंस इंस्पेक्टर महेश पांडेय पहुंचे। पुलिस दोनों पक्षों को पकड़कर थाने ले गई।