डिग्री कालेज के सामने नशे में धुत इनोवा कार के चालक ने तीन वाहनों को ठोंक दिया। सूचना पर पहुंची भोटिया पड़ाव पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया। नशे में धुत चालक चौकी लाने पर कुर्सी पर बैठते ही जमीन पर लुढ़क गया। पुलिस ने चालक के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कर दिया है।
नैनीताल रोड पर मंगलवार रात आठ बजे इनोवा कार के चालक ने एक कार और दो बाइक में टक्कर मार दी। भोटिया पड़ाव चौकी की पुलिस ने घेराबंदी कर कार (यूके 04 टीए 3260) को रोक लिया। इनोवा के आगे का बंपर टूट गया था। पुलिस ने इंद्रानगर निवासी चालक बबलू को धारा 135 के तहत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद चालक का नशा उतारने में सिपाहियों के पसीने छूट गए। चालक ने काफी शराब पी थी।