रोडवेज से दो बुजुर्ग महिलाओं को कार में बैठाकर लुटेरों ने दोनों महिलाओं के मंगलसूत्र तमंचे के बल पर लूट लिये। तीनपानी बाईपास पर उनको उतारने के बाद लुटेरे कार से भाग निकले। घटना की शिकायत मिलने पर कोतवाली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज चेक किया। फुटेज में लुटेरों की कार की फोटो भी आई है। महिलाओं का आरोप है कि पुलिस इस मामले में मुकदमा दर्ज करने के लिए तीन दिन से दौड़ा रही है।
नथुआखान निवासी राधा(65) पत्नी जमन सिंह अपनी बहन नंदी के साथ 22 जुलाई को प्राइवेट बस से केमू स्टेशन हल्द्वानी उतरी। राधा को अपनी चंद्रावती कालोनी छोटी मुखानी में रहने वाली बेटी प्रेमा मेर के घर जाना था। दोनों बहनों ने रोडवेज के समीप 50 रुपये में रिक्शा तय किया। इस बीच एक कार सवार आया और बोला कि वह घर तक कार से छोड़ देगा। दोनों बुजुर्ग कार से जाने के लिए तैयार हो गई।
कार में बैठने के बाद लुटेरों ने कहा कि जमाना बहुत खराब है। अपना पैसा और जेवरात लिफाफे में डाल दो। लुटेरों ने पहले लिफाफे में अपना कड़ा डाल दिया। बुजुर्ग महिलाएं गले से मंगलसूत्र निकालने के लिए तैयार नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने तमंचा निकालने के बाद गोली मारने की धमकी दी। भयभीत वृद्धाओं ने अपने अपने गले से मंगलसूत्र उतारकर लिफाफे में रख दिया और पैसों को अपने कपड़े में छुपा लिया।
रेलवे क्रासिंग बंद होने के कारण लुटेरे दोनों बुजुर्ग महिलाओं को उत्तराखंड क्रशर के पास छोड़कर चले गए। समीप से गुजर रहे राहगीर किन्नर ने बुजुर्गों के अनुरोध पर उनकी बेटी प्रेमा को फोन किया। इसके बाद बेटी अपनी मौसी और मां को लेकर घर गई। इस मामले में उन्होंने कोतवाली पुलिस से शिकायत की तो मंगलपड़ाव चौकी में तैनात दरोगा ने सीसीटीवी का फुटेज चेक किया।
तीनपानी में लुटेरों की कार फुटेज में आई लेकिन नंबर स्पष्ट नहीं था। महिलाओं का आरोप है कि इस मामले में अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। पुलिस तीन दिनों से थाने का चक्कर कटवा रही है।