हल्द्वानी। रोडवेज की घटना से पहले शुक्रवार की दोपहर जालसाजों ने अग्रसेन तिराहे पर एक महिला की चेन उड़ाई थी। सीसीटीवी फुटेज में दो जालसाजों के चेहरे प्रकाश में आए हैं। पुलिस बरेली में जालसाजों की तलाश कर रही है। पुरानी चुंगी काठगोदाम की रहने वाली प्रेमलता घरेलू सामान खरीदने के लिए बाजार आई थी।
सामान खरीदने के बाद वह अग्रसेन तिराहे पर घर जाने के लिए टेंपो का इंतजार कर रही थी। इस बीच जालसाज ने आकर पूछा कि आमा कहां जाना है। महिला ने बताया कि काठगोदाम जाना है। इसके बाद एक अन्य जालसाज ने महिला के पास आकर कहा कि उसे यहां टेंपो नहीं मिलेगा। उसके पास सरकारी गाड़ी है।
सरकारी गाड़ी काठगोदाम उसे सस्ते किराया में छोड़ देगी लेकिन आगे चेकिंग हो रही है। अपना पैसा और जेवरात एक थैले में रखना होगा। महिला के पास पहले से खड़े जालसाज ने थैले में अपने पैसे और अंगुठी को रख दिया। इसके बाद महिला ने भी अपनी चेन उतारकर रख दी। जालसाज ने महिला का बैग पकड़ लिया। कुछ देर बाद जालसाज ने महिला को थैला लौटा दिया। इसके बाद सवारी लेने का बहाना बनाकर मौके से चंपत हो गया।
महिला सामान लेकर घर पहुंची और उसने थैला खोला तो उसमें चेन की जगह मिट्टी रखी थी। महिला अपने पुत्र के साथ कोतवाली आई और पुलिस को घटना से अवगत कराया। पुलिस ने चेक किया तो सीसीटीवी में दोनों जालसाजों के चेहरे सामने आए।
इसके बाद जालसाजों ने रोडवेज पहुंचकर अल्मोड़ा की महिला कमला तिवारी को झांसा देकर उनका मंगलसूत्र और ढाई हजार रुपये उड़ा दिया। पुलिस का मानना है कि जालसाज बरेली के रहने वाले हैं। पुलिस दोनों जालसाजों की तलाश कर रही है।