हल्द्वानी। बेटी के अलावा पूनम पांडे सोशल मीडिया पर काफी अपडेट रहती थी। 15 अगस्त को पूनम ने एक कमेंट लिखा था कि लड़कों का बस चले तो लड़कियों की कब्र पर लिखेंगे नाइस कब्र डियर। इस कमेंट को 24 लोगों ने लाइक किया है।
रक्षाबंधन के दिन भी पूनम ने अपना फोटो फेसबुक पर अपलोड किया था। इस फोटो को 46 लोगों ने लाइक और 43 लोगों ने अच्छा कमेंट किया था। आठ मार्च को उसने अपनी बेटी की फोटो अपलोड किया था। फेसबुक पर उसके चार म्यूचुअल फ्रेंड सामने आए हैं।
स्वास्थ्य के प्रति सजग रहती थी पूनम
हल्द्वानी। स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने वाली पूनम पांडे योग और टहलने पर अधिक ध्यान देती थीं। पड़ोसियों ने बताया कि खाना खाने के बाद सोमवार रात 11 बजे पूनम अपने घर की छत पर टहल रही थी। महिलाओं का कहना है कि पूनम अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहती थी और सिर्फ दो रोटी ही खाती थी। प्रतिदिन योगा के अलावा टहलने पर ध्यान देती थी।
पड़ोसियों को नहीं सुनाई दी चीखें
हल्द्वानी। गोरा पड़ाव हरिपुर पूर्णानंद गांव में महिला पूनम की हत्या और बेटी पर हुए जानलेवा हमले की वारदात के दौरान पड़ोसियों को चीखें सुनाईं नहीं दीं। पड़ोसी का कहना है कि उन्होंने फायरिंग या चीख पुकार की आवाजें नहीं सुनी। इसका प्रमुख कारण यह है कि पूनम के घर के करीब 25 मीटर की दूरी पर अन्य मकान बने हैं। रात में 12 बजे से पहले लोग गहरी नींद में सो जाते हैं।
पूनम हत्याकांड की मॉनीटरिंग कर रहे आईजी
आईजी रेंज पूरन सिंह रावत ने पूनम हत्याकांड का मौका मुआयना कर खुद मॉनीटरिंग कर रहे है। इस मामले में उन्होंने नैनीताल, ऊधमसिंह नगर सहित रेंज के तेज तर्रार पुलिस अधिकारियों को लगाया है। प्रत्येक जिलों से आईजी जांच का इनपुट ले रहे हैं। आईजी का मानना है कि घटना का शीघ्र खुलासा कर दिया जाएगा।