हल्द्वानी। संदिग्ध हालातों में विवाहिता की मौत हो गई है। पुलिस ने मजिस्ट्रेट के सामने पंचनामा भर कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। कविता देवी (25) पुत्री स्व. दिनेश चंद्र निवासी नई बस्ती राजपुरा का विवाह एक साल पहले किच्छा के गोकुल नगर निवासी हरिप्रसाद से हुआ था। हरिप्रसाद ने पुलिस को बताया कि वह पेशे से मिस्त्री है। बृहस्पतिवार सुबह वह काम करने चला गया। दोपहर को बहन का फोन आया कि पत्नी कविता की तबियत बिगड़ गई है। इस पर वह घर पहुंचा और पत्नी को रुद्रपुर जिला अस्पताल में पहुंचाया। जहां उसकी हालत को देखते हुए हायर सेंटर सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां रास्ते में कविता ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया। कविता का विवाह एक साल पहले हुआ था, इसलिए तहसीलदार पीआर आर्य की मौजूदगी में पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया। फिलहाल घटना की कोई तहरीर नहीं सौंपी गई है। मेडिकल चौकी प्रभारी हरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि तहसीलदार प्रहलाद राम आर्य की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।