हल्द्वानी। पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने मानपुर पश्चिम स्थित अवैध गोदाम में छापा मारकर 125 पेटी शराब बरामद की। लाखों कीमत की शराब मिलने पर पुलिस ने एक चाय विक्रेता को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ से पता चला कि उसने नगर निकाय चुनाव के लिए काफी मात्रा में शराब खरीदकर अवैध गोदाम में रख लिया था। एसएसपी ने पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।
कोतवाल केआर पांडे ने बताया कि एसएसपी जन्मेजय खंडूरी ने शराब तस्करों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। रविवार सुबह सूचना मिली कि तस्करों ने काफी मात्रा में शराब मानपुर पश्चिम स्थित अवैध गोदाम में रखी है। इस पर एसएसआई मनोहर सिंह दसौनी, टीपीनगर चौकी प्रभारी विजय सिंह मेहता, बंशीधर जोशी और घनश्याम सिंह रौतेला ने जंगल के किनारे बद्रीदत्त पुजारी के मकान में छापा मारा। पुलिस ने मकान में बने अवैध गोदाम से 125 पेटी देशी शराब बरामद की। मकान मालिक ने बताया कि यह कमरा उन्होंने एक माह पहले चाय विक्रेता भीम सिंह कार्की को दिया था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आबकारी निरीक्षक महेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि शराब की कीमत चार लाख 20 हजार है। बताया कि आरोपी ने स्वीकार किया कि आगामी चुनाव में मुनाफा कमाने के लिए उसने शराब खरीदी थी।
सत्यापन न कराने पर मकान मालिक पर जुर्माना
चौकी प्रभारी विजय सिंह मेहता ने बताया कि गिरफ्तार भीम सिंह कार्की की फायर सर्विस के पीछे चाय की दुकान है। शिकायत मिली थी कि चाय की दुकान की आड़ में वह शराब भी बेचता था। मकान मालिक ने अपने किराएदारों का सत्यापन नहीं कराया था। इसी कारण पुलिस ने मकान मालिक पर दस हजार का जुर्माना लगाया है।