हल्द्वानी। मुख्यमंत्री के एप पर शिकायत करने के बाद एक माह से पुलिस के चक्कर काटने वाले पीड़ित को 24 घंटे के भीतर मोबाइल मिल गया।
शीशमहल निवासी विनय जोशी का मोबाइल एक माह पहले खो गया था। मोबाइल खोने की शिकायत एक माह पहले काठगोदाम थाने में जोशी ने दर्ज कराई थी। थाने के चक्कर काटने के बाद भी मोबाइल फोन नहीं मिला। जोशी ने आठ फरवरी को मोबाइल खोने की शिकायत मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के मोबाइल एप पर आईएमआईई नंबर के साथ शिकायत की। जोशी ने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यालय में शिकायत पहुंचने के बाद एसएसपी नैनीताल जन्मेजय खंडूरी ने निर्देश दिए कि मोबाइल को सर्विलांस पर लगाकर शीघ्रता से खोजा जाए। पुलिस ने नौ फरवरी को मोबाइल खोज लिया और जोशी के सुपुर्द कर दिया। इस संबंध में एसएसपी खंडूरी ने बताया कि मामला मेरे संज्ञान में नहीं था। जानकारी में आने के बाद तत्परता से कार्रवाई की गई और गुम फोन मिल गया।