हल्द्वानी। शहर फायर ब्रिगेड ऑफिस के सामने हुई चोरी ने पुलिस गश्त की पोल खोल दी है। चोर ने शराब की दुकान में सेंधमारी की और करीब 3.20 लाख रुपये चोरी कर ली। सुबह जब कर्मचारियों ने शराब की दुकान खोली तो वारदात की जानकारी हुई। एएसपी और सीओ मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों से घटना के बारे में जानकारी ली।
लोहरियासाल मल्ला निवासी अजय पांडे की फायर ब्रिगेड कार्यालय के पास अंग्रेजी शराब की दुकान का ठेका है। शनिवार की रात उनके यहां काम करने वाले कर्मचारी दुकान बंद कर चले गए। शनिवार की बिक्री का कैश करीब 3.20 लाख रुपये ठेके की दराज में रख दिया। सुबह जब ठेका खुला तो कर्मचारियों को रुपये गायब मिले। पुलिस ने वहां पर काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ की। साथ ही दुकान में लगी सीसीटीवी का फुटेज भी देखा। ठेका मालिक अजय पांडे की ओर से पुलिस को चोरी की तहरीर सौंप दी गई है। यह दुकान मुख्य मार्ग पर ही स्थित है। यहां पर देर रात तक चहलपहल भी रहती है। मुख्य मार्ग पर ही चोरी से पुलिस की गश्त सवालों के घेरे में है।
शराब की दुकान से 3.20 लाख उड़ाए
पुलिस गश्त की खुली पोल, मुख्य मार्ग पर ही है दुकान
सीसीटीवी में दिखा एक नकाबपोश चोर
ठेके में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक चोर दिख रहा है। वह मंकी कैप टोपी पहने हुए है। सुबह चार बजकर नौ मिनट पर वह दुकान में घुसते दिख रहा है। इसके बाद चोर ने सीसीटीवी बंद कर दिया और नकदी लेकर फरार हो गया। उसके हाथ में सेंध लगाने वाला औजार भी है।